परिवार एजुकेशन सोसायटी समाजिक संस्थाने शहडोल संभाग में प्रारंभ की निःशुल्क एम्बुलेंस सेवा

शहडोल ( MP ) : जनजातीय बाहुल्य शहडोल संभाग में दूर-दराज के मरीजों की सेवा के लिए परिवार एजुकेशन सोसायटी सामाजिक संस्था द्वारा निःशुल्क एम्बुलेंस सेवा प्रारंभ की गई है। इस सेवा के अन्तर्गत शहडोल संभाग का कोई भी नागरिक हेल्पलाइन नम्बर ७६१११२४९१२ में फोन कर एम्बुलेंस बुला सकता है तथा मरीज को चिकित्सालयों तक तत्काल पहुंचा सकता है।

सामाजिक संस्था परिवार एजुकेशन सोसायटी के सदस्य रामनरेश प्रजापति ने बताया कि अगर चिकित्सालयों द्वारा मरीजों को बडे चिकित्सालयों जैसे रीवा, जबलपुर या नागपुर उपचार के लिए रिफर किया जाता है तो ऐसी स्थिति में मरीज को निःशुल्क सेवाए प्रदान की जाएगी तथा मरीज को रीवा, नागपुर जैसे चिकित्सालयों तक भी निःशुल्क पहुंचाया जाएगा। आज कमिश्नर शहडोल संभाग राजीव शर्मा एवं कलेक्टर शहडोल वंदना वैद्य द्वारा हरी झण्डी दिखाकर शहडोल संभाग में सेवाएं देने के लिए ७ एम्बुलेंसों को रवाना किया गया है। अनूपपुर जिले के पुष्पराजगढ़ जनपद पंचायत में पूर्व से इस संस्था की एक एम्बुलेंस अपनी सेवा दे रही है।

इस अवसर पर कमिश्नर ने कहा कि दीनहीन एवं कमजोर तबके के मरीजों की सेवा के लिए सामाजिक संस्था परिवार एजुकेशन सोसायटी का यह सराहनीय कदम है। उन्होंने कहा कि परिवार एजुकेशन सोसायटी मरीजों को एम्बुलेंस की निःशुल्क सेवाएं दें यह मानवहितार्थ पुनीत एवं अच्छा कार्य है, प्रशासन इस कार्य में आपकी संस्था के साथ है और हर संभव मदद करेगा। इस अवसर पर संयुक्त कमिश्नर मगन सिंह कनेश, सामाजिक संस्था परिवार एजुकेशन सोसायटी के गोलू स्केल, कैलाश संयाम, पवन संत, सुश्री भगवती सहित संस्था के अन्य सदस्य उपस्थित थे।

Exit mobile version